बिलासपुर

स्कॉर्पियो से 2 लाख की सागौन जब्त, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – वन विभाग ने मुखबिर की सूचना पर विभागीय टीम ने करीब दो लाख रुपए की सागौन लकड़ी बरामद की है। ये सागौन एक स्कार्पियो वाहन में लोड कर रखी गई थी। वन विभाग की टीम को देखते ही आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।

Advertisement

सूचना मिली थी कि कोटा–बेलगहना मुख्य मार्ग पर एक संदिग्ध स्कार्पियो खड़ी है, जिसमें सागौन की लकड़ी भरी हुई है। सूचना के बाद वन मंडलाधिकारी नीरज कुमार के निर्देश और उपवन मंडलाधिकारी कोटा अनिल भास्करन के मार्गदर्शन में बेलगहना परिक्षेत्र अधिकारी देवसिंह मरावी की टीम मौके पर पहुंची।

Advertisement

जैसे ही टीम वहां पहुंची, स्कार्पियो चालक वाहन को तेज गति से बेलगहना की ओर भगाने लगा। वन विभाग की टीम ने पीछा किया और करहीकछार के फाटक पारा तक पहुंचे। आरोपी वाहन को डोंगरीपारा के जंगल मार्ग की तरफ मोड़कर फरार हो गया। कुछ दूरी पर टीम को स्कार्पियो लावारिस हालत में खड़ी मिली। वाहन क्रमांक CG 19 C 6590 में 6 नग लट्ठा, 1 नग सीलपट सहित कुल 7 नग सागौन की लकड़ी लदी हुई थी। वहीं पास के कक्ष क्रमांक 2470 में तलाशी के दौरान 3 और लट्ठे मिले। इस तरह कुल 10 नग सागौन की लकड़ियों की जब्ती की गई।

वन विभाग ने गाड़ी सहित करीब 2 लाख रुपए की सागौन लकड़ी जब्त करते हुए वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक शिव कुमार पैकरा, वन रक्षक संतकुमार वाकर, पंकज साहू, सोमप्रकाश जयसिंधु, वाहन चालक संतोष श्रीवास, चौकीदार ओमप्रकाश पांडेय, रामफल गोड़, देवलाल पाव सहित पूरी टीम शामिल रही।

Related Articles

Back to top button