RPF पोस्ट में ड्यूटी के दौरान हेड कॉन्स्टेबल ने साथी जवान को मारी गोली, मौके पर हुई मौत

रायगढ़ में रेलवे सुरक्षा बल RPF पोस्ट के भीतर बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। ड्यूटी के दौरान हुए विवाद में एक हेड कॉन्स्टेबल ने अपने ही साथी प्रधान आरक्षक पर सर्विस पिस्टल से गोली चला दी, जिसमें पीके मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गोली चलाने वाले जवान का नाम के एस. लादेर है, जो जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है। मृतक हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा मध्य प्रदेश के रीवा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
दोनों जवान बैचमेट थे और एक साथ रात की ड्यूटी पर तैनात थे। तड़के करीब 4 बजे किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि एस. लादेर ने अपनी सर्विस पिस्टल से पीके मिश्रा के सिर पर फायर कर दिया। गोली लगते ही मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद RPF पोस्ट में अफरा–तफरी मच गई। वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। फिलहाल RPF पोस्ट को सील कर दिया गया है और किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं है। बिलासपुर से IG मुनव्वर खुर्शीद भी रायगढ़ पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद की जाएगी।




