पेंड्रा रोड पर बड़ा हादसा टला: केंदा घाटी में बस पेड़ पर लटकी, एक युवक की मौत, पाँच यात्री घायल

बिलासपुर-पेंड्रा रोड स्थित केंदा घाटी में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। मरवाही से बिलासपुर आ रही दीप ट्रैवल्स की यात्री बस एक खतरनाक मोड़ पर कंक्रीट वॉल से टकराकर बेकाबू हो गई और सड़क किनारे पेड़ के सहारे लटकते हुए पलट गई। बस के ठीक बगल में 40 फीट गहरी खाई थी, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
हादसे में ग्राम केंदा सेमरी निवासी 20 वर्षीय यशपाल कंवर की मौत हो गई, जबकि पाँच यात्री घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय बस में 31 यात्री सवार थे।
घटनास्थल पर सड़क के जर्जर होने, फिसलन और निर्माण कार्य के कारण जोखिम बढ़ा हुआ है। मोड़ पर नियंत्रण खोने से बस दो पहियों पर लटक गई, जिससे अंदर बैठे यात्री एक तरफ गिर पड़े। हादसे के बाद ड्राइवर बस से कूदकर फरार हो गया।
यात्रियों ने एक-दूसरे की मदद से बस से बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल यशपाल को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।कोटा थाना अंतर्गत बेलगहना चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




