कोपरा जलाशय बनेगा छत्तीसगढ़ का पहला संरक्षित रोंगसर साइट, प्रवासी पक्षियों के लिए सुरक्षित आवास तैयार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – कोपरा जलाशय अब छत्तीसगढ़ का पहला संरक्षित रोंगसर साइट बनने जा रहा है। यहाँ प्रवासी पक्षियों के लिए सुरक्षित बसेरा तैयार किया जा रहा है। बिलासपुर वन मंडल ने कोपरा जलाशय के 131 हेक्टेयर क्षेत्र को विशेष संरक्षण देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह प्रदेश की पहली रोंगसर साइट होगी, जहां जलाशय और आसपास के प्राकृतिक आवास को पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा। यहाँ हर साल प्रवासी पक्षियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। फिलहाल 27 प्रजातियों के पक्षी दर्ज किए गए हैं – ओपनबिल स्टॉर्क, पेंटेड स्टॉर्क, बार-हेडेड गूज समेत कई दुर्लभ प्रजातियाँ यहाँ विचरण कर रही हैं।
सर्दियों में एशिया और यूरोप से आने वाले ये पक्षी कोपरा जलाशय के शांत और अनुकूल वातावरण को सुरक्षित ठिकाना मानते हैं। संरक्षित दर्जा मिलने से मानवीय हस्तक्षेप और अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी, जिससे घोंसले, भोजन और स्वच्छ जल की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित होगी। प्रकृति प्रेमियों और बर्ड वॉचर्स के लिए भी यह बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है। आने वाले समय में यह इलाका नया पर्यटन हॉटस्पॉट उभर सकता है।




