नाबालिग से दुष्कर्म मामले में एफआईआर में देरी, कोतवाली TI निलंबित, SSP का सख्त एक्शन

जशपुर में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के संवेदनशील मामले में एफआईआर दर्ज करने में देरी भारी पड़ गई है। जशपुर एसएसपी ने कोतवाली टीआई आशीष कुमार तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस प्रशासन की यह कार्रवाई जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती का संकेत मानी जा रही है।
जशपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले में परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन आरोप है कि प्रार्थियों की सूचना के बाद भी एफआईआर दर्ज करने में देरी हुई। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने टीआई आशीष कुमार तिवारी के खिलाफ कड़ा कदम उठाया।
एसएसपी ने टीआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उन्हें रक्षित केंद्र जशपुर में लाइन अटैच कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
मामले की आगे जांच सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी ने प्राथमिक जांच का आदेश भी जारी किया है। एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंपेंगे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग से दुष्कर्म जैसे संवेदनशील मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।जशपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि संवेदनशील मामलों में देरी या लापरवाही करने वाले किसी भी अधिकारी पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




