जशपुर

जिले में पहली बार जन्मी पुंगनूर नस्ल की मादा बछिया, जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि….

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पुंगनूर गाय की तस्वीरें वायरल होने के बाद देशभर में इस अद्वितीय नस्ल की मांग तेजी से बढ़ी है। इसी कड़ी में अब जशपुर जिले से भी एक बड़ी सफलता सामने आई है। यहां पहली बार पुंगनूर नस्ल की मादा बछिया का जन्म हुआ है, जिसे लेकर पशुपालकों और विशेषज्ञों में उत्साह है।

Advertisement

जशपुर जिले के गोढ़ीकला निवासी किसान खगेश्वर यादव की देशी गाय ने पहली बार पुंगनूर नस्ल की मादा बछिया को जन्म दिया है। यह उपलब्धि पशु चिकित्सा विभाग की वैज्ञानिक तकनीकों का परिणाम है। पत्थलगांव पशु चिकित्सालय में पदस्थ सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी के.के. पटेल ने पुंगनूर नस्ल के सांड के हिमकृत वीर्य से कृत्रिम गर्भाधान कराया था।

Advertisement

पुंगनूर गाय दुनिया की सबसे छोटी गायों में से एक मानी जाती है। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में पाई जाने वाली यह नस्ल 1 से 2 लीटर अत्यंत पौष्टिक A2 दूध देने के लिए जानी जाती है। पशु चिकित्सक डॉ. बी.पी. भगत ने बताया कि इसके दूध में औषधीय गुण, एंटी-बैक्टीरियल तत्व और कम फैट की मात्रा पाई जाती है, जिसके कारण इसकी मांग बेहद अधिक है।

इस उपलब्धि पर डॉ. भगत ने के.के. पटेल और किसान खगेश्वर यादव को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले में नस्ल सुधार, वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग और पशुधन संवर्धन के नए रास्ते खोलेगी।

धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं से जुड़ी पुंगनूर गाय की कीमत एक लाख से लेकर दस लाख रुपये तक होती है। खास बात यह भी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसी नस्ल की गाय अपने शासकीय आवास पर पाल रखी है।जशपुर में जन्मी यह पुंगनूर बछिया जिला ही नहीं, पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बन गई है।

Related Articles

Back to top button