सीएम कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर में ट्रैफिक डायवर्ट, पुलिस ने जारी की रूट एडवाइजरी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर शहर में आज मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते पूरे दिन ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें, ताकि जाम से बचा जा सके। आइए जानते हैं किस समय कौन-सा मार्ग बदला गया है।
2:15 से 2:50 बजे तक नेहरू चौक से कोनी मार्ग पूरी तरह व्यस्त रहेगा। इस दौरान कोनी जाने वाले वाहन पेंड्रीडीह, महाराणा प्रताप चौक, स्मार्ट सिटी रोड, बेयर हाउस रोड, नेहरू चौक से आगे मंगला चौक और सकरी होकर जा सकते हैं। सरकंडा जाने वालों के लिए राम सेतु, लिंगियाडीह और गुरुनानक चौक का मार्ग प्रस्तावित है। वहीं सेंदरी और कोनी से शहर आने वाले वाहन तुर्काडीह डायवर्सन से सकरी होकर शहर में प्रवेश करेंगे।
2:30 से 5:30 बजे तक राजेंद्र नगर तिराहा से सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, बस स्टैंड होते हुए शिव टॉकीज़ तक का पूरा मार्ग व्यस्त रहेगा। यात्रियों को सुझाव दिया गया है कि वे व्यापार विहार रोड, CMD चौक, तारबाहर चौक, शिव टॉकीज़ चौक, गांधी चौक, नेहरू चौक, देवकी नंदन चौक, गोल बाजार रोड, हटरी बाजार और नया रिवर व्यू रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।
5:00 से 8:00 बजे तक सरकंडा मार्ग अत्यधिक व्यस्त होने की संभावना है। इस अवधि में सरकंडा जाने वाले लोग लिंगियाडीह मार्ग और छठ घाट मार्ग का उपयोग करते हुए आगे बढ़ सकते हैं।
7:30 से 8:30 बजे तक लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर के आसपास कोतवाली चौक, हटरी चौक, गोल बाजार, शनिचरी, विलासा चौक और वाल्मीकि चौक में भारी भीड़ रहेगी।इस समय भी नागरिकों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अस्थायी रूप से बदली गई है। पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे दिए गए रूट और समय का ध्यान रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी भी तरह की असुविधा न हो।




