बिलासपुर

बिलासपुर में धान खरीदी शुरू, सीएम करेंगे शुभारंभ, 7.40 लाख MT लक्ष्य और 1.26 लाख से ज्यादा किसान पंजीकृत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर ज़िले में आज से धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। इस बार शासन ने 7.40 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिरकोना धान उपार्जन केंद्र से इस महाअभियान का शुभारंभ करेंगे। ज़िले के 140 धान उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएँ पूरी कर ली गई हैं और खरीदी प्रक्रिया पर निगरानी के लिए सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

Advertisement

किसानों की मेहनत अब उपार्जन केंद्रों तक पहुँचने लगी है। इस बार 1 लाख 26 हजार 500 किसानों ने एग्रीस्टेक पर पंजीयन कराया है, जो पिछले साल से अधिक है। शासन ने 7.40 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य तय किया है। किसानों को सुविधा देने के लिए पूरी खरीदी प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है। टोकन तुहर द्वार एप के जरिए ही कटेंगे। बड़े किसान तीन बार और छोटे किसान दो बार टोकन लेकर धान बेच सकेंगे।

Advertisement

वहीं, जिले के 140 केंद्रों में से आज सिर्फ 15 केंद्रों में खरीदी शुरू हो रही है, क्योंकि सिर्फ इन्हीं केंद्रों के लिए किसानों ने टोकन कटवाए हैं। इन 15 केंद्रों से 1,101.5 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। सेंदरी में खरीदी का उद्घाटन डिप्टी सीएम और जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव करेंगे। बाकी 121 केंद्रों पर अभी तक टोकन नहीं कटे हैं, इसलिए वहां खरीदी शुरू होने पर संशय बना हुआ है।

धान खरीदी की तैयारियाँ पूरी करने में समितियों की हड़ताल के कारण मुश्किलें आईं, जिसके बाद प्रशासन ने समितियों का प्रभार अधिकारियों को सौंप दिया है। खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी खरीदी का संचालन करेंगे। कम्प्यूटर ऑपरेटरों की भी आउटसोर्सिंग से नियुक्ति की गई है।पिछले साल ज़िले में 69 लाख 19 हजार 834 क्विंटल धान खरीदा गया था। इस बार फसल देर से पकने के कारण खरीदी केंद्रों में धान पहुँचने में कुछ देर हो सकती है, लेकिन प्रशासन का दावा है तैयारी पूरी है।

मुख्यमंत्री बिरकोना केंद्र से धान खरीदी महाअभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। प्रशासन का कहना है कि इस बार खरीदी प्रक्रिया को और पारदर्शी व सुविधाजनक बनाने के लिए तकनीक का पूरा उपयोग किया गया है।

 

Related Articles

Back to top button