बिलासपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, नायब तहसीलदार 50 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर जिले में एसीबी की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है। आरोपी को एसीबी ने एनटीपीसी सीपत स्थित कॉफी हाउस से गिरफ्तार किया।
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम बिटकुला निवासी प्रवीण पाटनवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मां के नाम की 21 एकड़ जमीन में फौती दर्ज कर नाम चढ़ाने के एवज में तहसीलदार 1.5 लाख रुपए रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि होने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। आज प्रार्थी द्वारा दी गई 50 हजार रुपए की पहली किश्त लेते ही नायब तहसीलदार को एसीबी टीम ने दबोच लिया।
आरोपी से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
एसीबी बिलासपुर की पिछले डेढ़ साल में यह 37वीं सफल ट्रैप कार्रवाई है। ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर शिकायत करें ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।




