तालाब में मिला नवजात का शव, पुलिस जांच में जुटी

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर जिले के बोदरी इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां सेतबंद तालाब के पास एक नवजात बालिका का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। सूचक मुन्ना यादव ने जब तालाब में एक शव को तैरते हुए देखा, तो तुरंत चकरभाठा पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर भेज दिया गया। फिलहाल नवजात की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने इसे मानवता के लिए शर्मनाक करार देते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नैतिकता और जिम्मेदारी की शिक्षा देने की जरूरत है।
चकरभाठा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नवजात के माता-पिता की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।




