बिलासपुर

15 दिन में 3 हजार मवेशी पकड़ने का दावा, फिर भी बिलासपुर की सड़कों पर आवारा पशुओं का डेरा

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बारिश शुरू होते ही बिलासपुर नगर निगम ने आवारा मवेशियों के खिलाफ अभियान तेज करने का दावा किया है। निगम के मुताबिक पिछले 15 दिनों में करीब 3 हजार मवेशियों को पकड़कर गौठानों और अन्य स्थानों पर भेजा गया है। लेकिन इन दावों के बावजूद शहर की मुख्य सड़कें, चौक-चौराहे और रिहायशी इलाके अब भी आवारा मवेशियों से भरे हुए हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

Advertisement

नगर निगम की अतिक्रमण शाखा सड़क पर घूमने वाले मवेशियों को पकड़कर गौठानों में भेज रही है। जिन पशुपालकों के मवेशी पकड़े जाते हैं, उनसे जुर्माना भी वसूला जा रहा है और दोबारा मवेशी सड़क पर छोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है। निगम का दावा है कि शहर में चिन्हित करीब 6 हजार मवेशियों में से आधे पर कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन जमीनी हालात में अभी भी बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर नजर आ रहे हैं।

Advertisement

नगर निगम हर साल बरसात के दौरान गौठानों में रखे गए मवेशियों के चारे पर करीब 5 से 6 लाख रुपये खर्च करता है। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर मवेशियों की मौजूदगी अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही है। शहरवासियों का कहना है कि केवल अभियान चलाने से नहीं, बल्कि स्थायी और सख्त व्यवस्था लागू करने से ही सड़कों को मवेशियों से मुक्त कराया जा सकता है और हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

Related Articles

Back to top button