न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज ने कंगारू किड्स इंटरनेशनल प्रीस्कूल में किया ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप, 70 बच्चों की हुई जांच

बिलासपुर – न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज द्वारा कंगारू किड्स इंटरनेशनल प्रीस्कूल में एक ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने छोटे बच्चों के दांतों की जांच कर मौखिक स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कैंप का आयोजन कॉलेज के अध्यक्ष प्रकाश दावड़ा, सचिव अशोक अग्रवाल और डीन डॉ. राणा के. वर्गीस के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री और पेडोडोंटिक्स विभाग की डॉ. स्वाति अग्रवाल और डॉ. जयेश तिवारी ने स्कूल के शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों को दांतों की सफाई, सही ब्रशिंग तकनीक और संतुलित आहार से दंत स्वास्थ्य बनाए रखने के तरीके बताए।
कैंप में डॉ. वेदश्री, डॉ. प्राजक्ता, डॉ. अर्शिया और डॉ. अंकिता ने मिलकर लगभग 70 प्रीस्कूल बच्चों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान कई बच्चों में नर्सिंग बोतल कैरीज़ और प्रारंभिक बाल्यावस्था कैरीज़ जैसी समस्याएं पाई गईं। कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्रधानाचार्या बुशरा आदिल ने पूरे आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया। यह कैंप प्लेस्कूल, नर्सरी, केजी-1 और केजी-2 के बच्चों के लिए आयोजित किया गया था।
न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज का यह प्रयास नन्हे बच्चों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है। कॉलेज द्वारा ऐसे कई ओरल हेल्थ कैंप पहले भी आयोजित किए जा चुके हैं, विशेषकर प्रीस्कूलों और प्रारंभिक शिक्षा संस्थानों में, ताकि बचपन से ही बच्चों में मौखिक स्वच्छता की अच्छी आदतें विकसित हो सकें।




