मनेन्द्रगढ़ में महाराजा अग्रसेन जी पर अभद्र टिप्पणी से अग्रवाल समाज में आक्रोश, सैकड़ों लोग पहुंचे कोतवाली

(रामप्रसाद गुप्ता) : मनेन्द्रगढ़। महाराजा श्री अग्रसेन जी के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर नगर में आक्रोश की लहर दौड़ गई है। गुरुवार को सर्व अग्रवाल समाज के सैकड़ों सदस्य और नगरवासी एकजुट होकर सिटी कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी केवल अग्रवाल समाज के ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, एकता और सेवा के प्रतीक हैं। उनके प्रति अभद्र टिप्पणी से पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समाजजनों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज आंदोलनात्मक कदम उठाने पर मजबूर होगा।
सिटी कोतवाली परिसर में बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए। मौके पर नगर के वरिष्ठजन, समाज प्रमुख, व्यापारी वर्ग और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




