पीएम मोदी के दौरे को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की गाइडलाइन, नवा रायपुर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

रायपुर – 1 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री के रायपुर प्रवास को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस रायपुर ने व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होने वाले वीआईपी और आम नागरिकों की सुविधाओं के लिए कुल 6 रूट और अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
रायपुर शहर, बिलासपुर, दुर्ग, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद समेत विभिन्न जिलों से आने वाले नागरिकों के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं, ताकि आवागमन सुचारू रहे। प्रत्येक रूट पर निर्धारित पार्किंग स्थल से नागरिकों को पैदल राज्योत्सव स्थल तक पहुंचना होगा।
दोपहिया वाहनों की पार्किंग राज्योत्सव स्थल के सामने धरना स्थल के पास निर्धारित की गई है। वहीं, 1 नवंबर को नवा रायपुर क्षेत्र में मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा कारणों से वीवीआईपी रूट में वाहनों का आवागमन भी सीमित समय के लिए रोका जाएगा।
राज्योत्सव स्थल और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश करने वाले सभी नागरिकों को सुरक्षा जांच से गुजरना अनिवार्य होगा। साथ ही शराब, नशीले पदार्थ, ज्वलनशील वस्तुएं, हथियार, लाठी-डंडे, पोस्टर, बैनर, ध्वनि यंत्र, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
हवाई यात्रियों के लिए पुराने टर्मिनल से आवागमन की सुविधा खुली रहेगी, जबकि नए टर्मिनल पर सुरक्षा जांच के चलते असुविधा हो सकती है।यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित मार्गों का पालन करें, नियत पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें ताकि प्रधानमंत्री के प्रवास और राज्योत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।




