बिलासपुर

जनपद उपाध्यक्ष के ऑफिस पर नकाबपोशों ने चलाई गोलियां, दो घायल, घटना का सीसीटीवी वीडियो आया सामनें….

(आशीष मौर्य/प्रदीप भोई) : बिलासपुर जिले के मस्तूरी में मंगलवार की शाम गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के ऑफिस के बाहर कुछ नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीकांड में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार शूटर्स अन्य राज्य के बताये जा रहे हैं।

Advertisement

घटना शाम करीब 5:45 बजे की है, जब नितेश सिंह अपने साथियों के साथ बस स्टैंड के पास स्थित अपने कार्यालय के बाहर बैठे हुए थे। तभी जोन्धरा चौक की ओर से दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश हमलावर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। गोली लगने से चंद्रकांत सिंह के हाथ और राजू सिंह के पैर में गंभीर चोटें आईं। दोनों को पहले मस्तूरी अस्पताल, फिर बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा – “सभी से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।”

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य सबूत जब्त किए। पूरे इलाके में नाकेबंदी और तलाशी अभियान जारी है।

 

पुलिस इस घटना को पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद से जोड़कर देख रही है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मस्तूरी गोलीकांड ने बिलासपुर में कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Related Articles

Back to top button