करोड़ो की ठगी का पर्दाफाश, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार….

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।पत्थलगांव क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को कृषि प्रोडक्ट और ट्रेडिंग कंपनी में निवेश पर तीन गुना मुनाफे का लालच देकर ठगी की गई थी।
प्रार्थी जागेश्वर लाल यादव सहित कई ग्रामीणों ने मिलकर कुल 6 करोड़ रुपये कंपनी में लगाए थे। कुछ महीनों तक ब्याज देने के बाद कंपनी के संचालकों ने वेबसाइट बंद कर दी और निवेशकों से संपर्क तोड़ लिया।
शिकायत मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला जांजगीर-चांपा निवासी संतोष कुमार साहू और जिला शक्ति निवासी हरिशरण देवांगन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि ठगों ने सी बुल्स ग्लोबल सॉल्यूशन नामक फर्जी कंपनी के नाम पर लोगों से रकम ली थी और नए निवेशकों के पैसे से पुराने निवेशकों को ब्याज का भुगतान करते थे।
आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 120(बी), 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी धुर्वेश जायसवाल, थाना प्रभारी विनीत पांडे और पुलिस टीम के साथ
जिला शक्ति व जांजगीर-चांपा पुलिस का भी विशेष सहयोग रहा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि – “कृषि प्रोडक्ट व ट्रेडिंग के नाम पर की गई 6 करोड़ की ठगी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।”




