बिलासपुर

बस में सराफा व्यापारी से 90 लाख के जेवर-नगद की उठाईगिरी, मामला दर्ज…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के रतनपुर थाने में एक बड़ी उठाईगिरी का मामला दर्ज किया गया है। रायपुर के सर्राफा व्यापारी के साथ यह वारदात बस यात्रा के दौरान हुई है। आरोपियों ने लाखों के जेवर लेकर फरार हो गए।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी किशोर कुमार रावल, जो रायपुर का रहने वाला है और सर्राफा व्यवसाय से जुड़ा है, व्यापार के सिलसिले में अंबिकापुर गया था। अंबिकापुर से रायपुर लौटते समय वह रॉयल बस सर्विस से यात्रा कर रहा था।

Advertisement

रायपुर पहुंचने पर उसे पता चला कि उसका ज्वेलरी से भरा बैग गायब है। जब बस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो उसमें यह स्पष्ट हुआ कि तीन से चार अज्ञात व्यक्ति, जो अंबिकापुर से बस में उसके पीछे चढ़े थे, उन्होंने रतनपुर और अंबिकापुर के बीच यात्रा के दौरान व्यापारी की नींद का फायदा उठाकर बैग चोरी कर लिया।

फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि आरोपी रतनपुर स्टॉपेज पर उतर गए। व्यापारी ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद तुरंत रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए धारा 303(2), 3, 5 बी.एन.एस. के तहत करीब 90 लाख रुपए के मशरुका की उठाईगिरी का अपराध पंजीबद्ध किया है।

इस संबंध में एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्धों की तस्वीरें स्पष्ट दिखाई दी हैं। आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य संकलन कर अलग टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 850 ग्राम सोना और 7 लाख रुपए नकद थे, जिसकी कुल कीमत लगभग 90 लाख रुपए आंकी गई है।

फिलहाल, रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है, और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस बड़ी उठाईगिरी का खुलासा कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button