दोहरे हत्याकांड का खुलासा : बेटे ने की थी पिता की हत्या, 2 गिरफ्तार….

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के रायकेरा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज़ 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने मृतक के ही बेटे और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, 3 अक्टूबर को गांव रायकेरा में घुराउ राम सिदार और उनकी सास सुखमेत सिदार के शव उनके ही घर की परछी में पाए गए थे। दोनों की गला घोंटकर हत्या की गई थी। सूचना पर घरघोड़ा पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने बताया कि : “हत्या के मामले में प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक और उसके रिश्तेदारों के बीच एनटीपीसी मुआवजा राशि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते बेटे रविशंकर सिदार ने अपने पिता की हत्या कर दी। घटना के समय मृतक की सास ने जब विरोध किया तो उसकी भी हत्या कर दी गई।”
पुलिस ने दोनों आरोपियों — रविशंकर सिदार और रामप्रसाद सिदार उर्फ गरिहा — को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की है।
एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव और उनकी टीम ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




