दुर्ग

पिस्टल एवं देशी कट्टा के साथ शराब तस्करी के 4 आरोपी गिरफतार….

दुर्ग जिले में पुलिस ने अवैध हथियार और शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र के कसारीडीह वार्ड 44 में दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में देशी मसाला शराब बरामद की है।

Advertisement

ऑपरेशन “विश्वास” के तहत मिली गुप्त सूचना पर दुर्ग पुलिस ने रेड की। पुलिस को मौके से 141 पौवा देशी मसाला शराब, 01 पिस्टल, 01 देशी कट्टा, 06 जिंदा कारतूस और 01 धारदार चाकू बरामद हुआ। इसके अलावा शराब की बिक्री से जुटाए गए 3920 रुपये भी जब्त किए गए हैं।

Advertisement

 

गिरफ्तार आरोपियों में पवन कुर्रे, उसके भाई विनोद कुर्रे, भांजा कृष्ण कुमार जोशी और साथी सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा शामिल हैं। जांच में पता चला कि ये सभी संगठित होकर अवैध शराब और हथियारों का कारोबार करते थे। खास बात यह है कि मुख्य आरोपी पवन कुर्रे और कृष्ण कुमार जोशी पहले भी हत्या के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं।

 

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट, 25/27 आर्म्स एक्ट और 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद हथियार और शराब को जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

 

दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल अवैध शराब तस्करी बल्कि हथियार तस्करी के नेटवर्क को भी उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button