न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज ने आयोजित किए निःशुल्क दंत परीक्षण शिविर, 300 से अधिक बच्चों और अभिभावकों को मिला लाभ

बिलासपुर – दांतों की सेहत के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को मौखिक स्वच्छता का महत्व समझाने के लिए न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट, सकरी ने एक सप्ताह में तीन निःशुल्क दंत परीक्षण शिविर आयोजित किए।
कॉलेज के चेयरमैन प्रकाश दावड़ा, सेक्रेटरी अशोक अग्रवाल और डीन डॉ. राना के वर्गीस के मार्गदर्शन में यह शिविर आधारशिला विद्या मंदिर, न्यू इंडिया हायर सेकेंडरी स्कूल गनियारी और आई.पी.एस. गुरुकुल में 10 और 12 सितंबर को आयोजित हुए।
इन शिविरों में करीब 300 बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने न केवल दांतों से जुड़ी बीमारियों और उनके उपचार के बारे में जानकारी दी, बल्कि मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग से डॉ. स्वाति अग्रवाल ने विशेष सत्र लेकर बच्चों को स्वस्थ दांत रखने की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, डॉक्टरों की टीम—डॉ. सौजन्य, डॉ. अंकित, डॉ. मंजिल, डॉ. श्रेया, डॉ. नौशिन, डॉ. दामिनी और डॉ. एकता—ने मिलकर सभी प्रतिभागियों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
विद्यालयों के निदेशकों और प्राचार्यों ने इस शिविर की सराहना करते हुए न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज की टीम का आभार जताया।इस सफल आयोजन ने बच्चों को स्वस्थ मुस्कान की ओर प्रेरित किया और शिक्षकों व अभिभावकों को भी मौखिक स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया।




