बस्तर में नक्सलियों का खूनी खेल जारी, एक और शिक्षादूत की हत्या, एक हफ्ते में दूसरी वारदात

बस्तर संभाग में नक्सलियों का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक और शिक्षादूत की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि मृतक शिक्षादूत पर पुलिस मुखबिर होने का शक जताकर नक्सलियों ने अपहरण के बाद इस वारदात को अंजाम दिया।
बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र के नेन्द्रा गांव में पदस्थ शिक्षादूत कल्लू ताती को कल शाम नक्सलियों ने उस समय अगवा कर लिया जब वह स्कूल से अपने घर लौट रहा था। देर रात नक्सलियों ने उसकी हत्या कर दी। कल्लू ताती तोड़का गांव का रहने वाला था।
गौरतलब है कि शिक्षादूतों की हत्या का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार रात ही सुकमा जिले में एक अन्य शिक्षादूत लक्ष्मण की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी।
आंकड़ों पर नज़र डालें तो, अब तक बंद स्कूलों के पुनः संचालन के बाद नक्सलियों ने कुल 9 शिक्षादूतों की हत्या कर दी है। इनमें से बीजापुर में 5 और सुकमा में 4 शिक्षादूत शामिल हैं।लगातार हो रही इन हत्याओं से बस्तर के शिक्षादूतों में दहशत का माहौल है। नक्सलियों की इस नई रणनीति ने सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता भी बढ़ा दी है।




