मौसम अलर्ट : बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 33.5 डिग्री और न्यूनतम दुर्ग में 20 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं कोहकामेटा में 5 सेंटीमीटर और लाल बहादुर नगर में 4 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अगस्त को रायपुर समेत कई जिलों में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कहीं-कहीं बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। अगले 2 दिनों तक बारिश में थोड़ी कमी रहेगी, लेकिन उसके बाद फिर से तेज गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान और बिजली गिरने से बचाव के लिए सावधान रहने की अपील की है और सलाह दी है कि खुले मैदान या पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें।




