“ऑपरेशन निश्चय” की बड़ी कामयाबी : अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का मास्टरमाइंड रूपिन्दर सिंह उर्फ पाबलो गिरफ्तार, हेरोइन-अफीम व हथियार बरामद

रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है, अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े प्रमुख सप्लायर रूपिन्दर सिंह उर्फ पिन्दर उर्फ पाबलो को गिरफ्तार कर पुलिस ने करोड़ों की हेरोइन और अफीम के साथ हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना कबीरनगर क्षेत्र के वीर सावरकर नगर स्थित बंगाली होटल के पास एक व्यक्ति नशीले पदार्थों के साथ मौजूद है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी रूपिन्दर सिंह को रंगेहाथ पकड़ लिया
उसके कब्जे से 91 ग्राम अफीम, 87 ग्राम हेरोइन, एक कंट्री मेड पिस्टल, 82 जिंदा कारतूस और 4 मोबाइल फोन बरामद हुए। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते हेरोइन मंगवाता था और फिर छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। वह सिंडिकेट संचालन के लिए छद्म नाम, वर्चुअल नंबर और व्हाट्सएप कॉलिंग का इस्तेमाल करता था।
इस कार्रवाई में आरोपी के साथ नौशाद खान, मोहम्मद खान और अरबाज खान को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं एक अन्य मामले में रूपिन्दर सिंह की मां रानो ढिल्लन को भी गिरफ्तार किया गया है।“ऑपरेशन निश्चय” के तहत अब तक रायपुर पुलिस दो बड़े ड्रग्स कार्टल ध्वस्त कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क के और भी तार जुड़े हैं, जिन पर छापेमारी की कार्रवाई जारी है।




