मंदिर की दान पेटी तोड़कर चोरी करने वाले 3 नाबालिग गिरफ्तार….

जांजगीर-चांपा – गणेश उत्सव के दौरान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। इस मामले में तीन विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया है। मामला चांपा थाना क्षेत्र के सिद्धि विनायक मंदिर का है। दरअसल, 27 अगस्त की रात मंदिर को ताला लगाकर बंद किया गया था। लेकिन अगले दिन सुबह जब मंदिर खोला गया तो दान पेटी टूटी हुई मिली और उसमें रखी नकदी गायब थी। मामले की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की।
CCTV फुटेज और स्थानीय नागरिकों की मदद से पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों से चोरी की गई रकम ₹9030 नगद और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11BE 7795 जब्त की गई।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चाम्पा निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रभारी साइबर सेल निरीक्षक सागर पाठक सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। मंदिर में चोरी की इस वारदात का पुलिस ने जिस तेजी से खुलासा किया, उसने एक बार फिर साबित कर दिया कि जांजगीर-चांपा पुलिस किसी भी अपराध पर तुरंत एक्शन लेने के लिए तैयार है।




