GPM जिले की जनता परेशान, सड़कें बनीं हादसों का जाल : अधिकारी मस्त, जनता त्रस्त

(शैलेश सोनी) : छत्तीसगढ़ का नया जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही… प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। लेकिन इसी खूबसूरत इलाके की सड़कें इन दिनों मौत का जाल बन चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढे… सड़कें तालाब में तब्दील… और आए दिन हो रहे हादसे। जनता परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन हैं।गौरेला से पेंड्रा और पेंड्रा से मरवाही जाने वाले मार्ग के साथ-साथ ग्रामीण संपर्क सड़कों की हालत इतनी बदहाल है कि दोपहिया वाहन चालकों का हर सफर खतरे से भरा रहता है। बरसात में गड्ढे तालाब बन जाते हैं, और हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। मरीजों को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो रहा है… एम्बुलेंस तक कीचड़ और गड्ढों में फंस रही है।
छात्र, किसान और आम नागरिक हर दिन इस खस्ताहाल सड़क से गुजरने को मजबूर हैं। लोग आरोप लगाते हैं कि करोड़ों रुपए सड़क निर्माण के नाम पर खर्च किए जाते हैं, लेकिन घटिया निर्माण और खानापूर्ति वाली मरम्मत से हालत जस की तस है।
जनता का सब्र अब टूट चुका है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क मरम्मत और नए निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए सड़क पर उतरेंगे। सवाल साफ है – क्या GPM जिले की सड़कें कभी गड्ढों से मुक्त होकर विकास की राह पकड़ पाएंग।




