छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय : इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है। बीते 24 घंटों में बस्तर और दुर्ग संभाग के कई हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है 19 अगस्त को प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी।दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों तक भी कई जगहों पर बारिश का दौर जारी रहेगा।
मॉनसून में अब तक की बारिश का ताज़ा ब्यौरा सामने आया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, रायपुर केंद्र से जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में औसतन बारिश सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई है।
01 जून से 18 अगस्त 2025 तक पूरे राज्य में औसतन 755.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 5% कम है। हालांकि कई जिलों में बारिश का स्तर अलग-अलग देखा गया।
सबसे अधिक वर्षा बलरामपुर जिले में 1141.7 मिलीमीटर दर्ज की गई, जो सामान्य से 72% ज्यादा है और इसे “Large Excess” श्रेणी में रखा गया है।
अत्यधिक वर्षा मोहला-मानपुर-चौकी में भी देखी गई जहां सामान्य से 31% ज्यादा बारिश हुई है।
कम बारिश वाले जिलों में बेमेतरा और सरगुजा प्रमुख हैं। बेमेतरा में सामान्य से 50% कम और सरगुजा में 30% कम वर्षा दर्ज की गई, जिसे “Deficient” श्रेणी माना गया है। जशपुर में भी सामान्य से 20% कम वर्षा हुई है। कुल मिलाकर प्रदेश के अधिकांश जिले Normal श्रेणी में हैं, यानी बारिश न ज्यादा है और न ही बहुत कम।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भी छिटपुट बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। यानी आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में मानसून का असर और तेज हो सकता है। लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।




