SSP के नेतृत्व में पुलिस ने 31 दिन में 32 गुमशुदा बच्चों को खोज निकाला, परिजनों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। बीते 31 दिनों में 32 गुमशुदा बच्चों को तलाश कर उनके परिवारों से मिलवाया गया है। इनमें प्रदेश के भीतर और बाहर से लापता बच्चे भी शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान में जशपुर पुलिस की टीम ने 28 बालिकाओं और 4 बालकों को सकुशल दस्तयाब किया है। इनमें से 11 बच्चे जिले के बाहर—रायगढ़, मध्यप्रदेश, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और उड़ीसा से लाकर उनके परिवारों को सौंपे गए हैं।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस की टेक्निकल टीम, परिजनों के सहयोग और मजबूत मुखबिर तंत्र के जरिए इन बच्चों की तलाश की गई। बाकी 21 बच्चों को जशपुर जिले के विभिन्न इलाकों से ढूंढ निकाला गया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अधिकतर बच्चियों को शादी का झांसा देकर भगाया गया था, जिन मामलों में आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिए गए हैं। वहीं कुछ बच्चे काम की तलाश या घूमने के इरादे से घर से चले गए थे। सभी दस्तयाब बच्चों की काउंसलिंग कर उन्हें उनके परिजनों को सौंपा गया है।
एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत बच्चों की सुरक्षित वापसी पुलिस की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जशपुर पुलिस का यह मानवीय प्रयास न सिर्फ कानून व्यवस्था की मिसाल है, बल्कि समाज में भरोसा और सुरक्षा का एहसास भी जगाता है।




