ऑपरेशन प्रहार : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 किलो गांजा जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर पुलिस को ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सकरी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से लाई जा रही 30 किलो गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत ₹20 लाख से अधिक आंकी गई है।
मामला थाना सकरी क्षेत्र का है। पुलिस को 31 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि चोरभट्ठी खुर्द निवासी कांति पाण्डेय और उसका पुत्र गिरीशचंद पाण्डेय भारी मात्रा में गांजा मंगाकर अपनी नीली बलेनो कार में भर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि गांजा उड़ीसा से दिलेश्वर नायक और दीपक गण्डा लेकर आए थे। दोनों को ₹2.5 लाख देकर वापस भेजा गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर सफेद आर्टिगा कार से इन दोनों को भी पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई में पुलिस ने 30 किलो गांजा, दो कारें, तीन मोबाइल और ₹2.5 लाख नकद जब्त किए हैं। जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹20 लाख 34 हजार बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम : 1. कांति पाण्डेय उर्फ महाराजिन (46 वर्ष)
2. गिरीशचंद पाण्डेय (30 वर्ष)
3. दिलेश्वर नायक (35 वर्ष)
4. दीपक गण्डा (28 वर्ष)
चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य, एसीसीयू निरीक्षक अजहरुद्दीन खान, सउनि सुरेन्द्र तिवारी व टीम की अहम भूमिका रही।




