शाला परिवार की मानवीय पहल: जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क छाता व यूनिफॉर्म किया वितरित

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर – शाला परिवार ने आज एक मानवीय पहल की शुरुआत करते हुए जरूरतमंद और गरीब बच्चों को निःशुल्क छाता, टाई और बेल्ट वितरित किए।“नवा छाता लाए हव बेटा, धर के जाबे पढ़े बर…” इस गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसने सभी बच्चों के चेहरों पर मुस्कान ला दी।
इस पुनीत कार्य की पहल प्रधान पाठक डॉ. चंद्र शेखर यादव द्वारा की गई, जिसे शाला के समस्त शिक्षकों का भरपूर सहयोग मिला। रागिनी वाल्टर ने अपनी ओर से छाते देने की जिम्मेदारी ली, लक्ष्मी चंद्र श्याम, पद्मजा पांडेय और राजकुमारी कश्यप ने बच्चों को टाई और बेल्ट देने में सहयोग किया।
डॉ. यादव ने कहा कि “शिक्षा दान, महादान है। यह सहयोग न केवल बच्चों की जरूरतें पूरी करता है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी देता है।” उन्होंने सभी शिक्षकों और शाला परिवार का आभार जताया और इस तरह की पहल को आगे भी जारी रखने की अपील की।इस अवसर पर शाला भवन की सुंदरता, साफ-सफाई और वृक्षारोपण व्यवस्था की भी सराहना की गई। यह पहल निश्चित ही अन्य शालाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।




