‘पहल’ अभियान के तहत बच्चों को साइबर अपराध, नशामुक्ति व महिला सुरक्षा पर मिली जागरूकता

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर – पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘पहल’ अभियान के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर बैतलपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को साइबर अपराध, यातायात नियमों के पालन, नशामुक्ति तथा महिला एवं बाल अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को अपने लक्ष्य निर्धारण और प्रतिभा निखारने की दिशा में प्रेरित करना भी रहा।
इस जागरूकता सत्र में बालमित्र रोशना डेविड, पुलिस विभाग से शत्रुहन खुंटे और बतीता श्रीवास, विद्यालय के प्राचार्य, आचार्य और आचार्याएं भी मौजूद रहीं। बच्चों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सतर्कता और जागरूकता से साइबर अपराध से बचा जा सकता है, यातायात नियमों का पालन समाज के हर नागरिक की जिम्मेदारी है, और नशे से दूरी ही बेहतर भविष्य की दिशा है।इस पहल से निश्चित ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सुरक्षित समाज निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ेगा।




