मोक्षित कॉर्पोरेशन के तीन ठिकानों पर ईडी दबिश….

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ईडी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त कार्रवाई ने सनसनी फैला दी है। दुर्ग जिले में बुधवार को छापेमारी की बड़ी कार्रवाई हुई है, जिसका कनेक्शन 650 करोड़ रुपये के मेडिकल घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है। कार्रवाई मोक्षित कॉर्पोरेशन के दफ्तर और आवासीय परिसरों पर की गई है। दुर्ग में बुधवार सुबह-सुबह ईडी और ईओडब्ल्यू की दर्जनों गाड़ियों के काफिले ने मोक्षित कॉर्पोरेशन के तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इनमें दो आवासीय परिसर और एक कार्यालय शामिल हैं।
इस कार्रवाई में दो दर्जन से ज्यादा अधिकारी शामिल थे, साथ ही भारी सुरक्षा बल भी तैनात रहा। चारों तरफ बैरिकेडिंग कर परिसर को सील कर दिया गया। किसी भी बाहरी व्यक्ति को आने-जाने की इजाजत नहीं थी।
जांच एजेंसियों ने घंटों तक दस्तावेज खंगाले। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि छापे में क्या मिला, लेकिन सूत्रों की मानें तो जांच पूरी होने के बाद बड़ा खुलासा हो सकता है।
बता दें, इससे पहले जनवरी 2025 में भी इसी मामले में मोक्षित कॉर्पोरेशन और चोपड़ा परिवार के ठिकानों पर कार्रवाई हो चुकी है। यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड में हुए 650 करोड़ रुपये के घोटाले से जुड़ा है, जिसकी परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं।




