बजट सत्र में कवासी लखमा की एंट्री: BJP नेताओं से गले मिले, सदन में दिखा सियासी सौहार्द

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक अलग ही राजनीतिक तस्वीर देखने को मिली। पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा विशेष अनुमति के बाद सदन की कार्यवाही में शामिल हुए। सदन पहुंचते ही उनका BJP नेताओं से गले मिलना चर्चा का विषय बन गया।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अनुमति मिलने के बाद कवासी लखमा सदन पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बगल में बैठते नजर आए। उनकी मौजूदगी को लेकर पहले से ही राजनीतिक हलकों में चर्चा थी।
सदन में प्रवेश करते ही कवासी लखमा ने सियासी मतभेदों से ऊपर उठकर BJP नेताओं से मुलाकात की। वे मंत्री रामविचार नेताम और वरिष्ठ नेता अजय चंद्राकर से गले मिलते दिखाई दिए। इस दौरान कांग्रेस के अन्य विधायक भी यह दृश्य देखते रहे। यह पल कैमरों में कैद हो गया और अब चर्चा का विषय बना हुआ है।जानकारी के अनुसार, कवासी लखमा ने 6 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति मांगी थी। मामले पर विचार के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने शर्तों के साथ उन्हें बजट सत्र 2026-27 में शामिल होने की अनुमति दी।
बताया जा रहा है कि उनकी सदन में उपस्थिति को लेकर कोर्ट ने अंतिम निर्णय विधानसभा अध्यक्ष के विवेक पर छोड़ा था। इसके बाद 7 फरवरी को महाधिवक्ता से राय ली गई और अभिमत के आधार पर अनुमति प्रदान की गई।बजट सत्र के बीच कवासी लखमा की मौजूदगी और BJP नेताओं से उनकी आत्मीय मुलाकात ने प्रदेश की राजनीति में नए संकेत दिए हैं। अब देखना होगा कि आगे सदन की कार्यवाही में उनकी भूमिका क्या रहती है।




