जमीन मे गाड़कर रखा था चोरी का समान, पुलिस ने किया बरामद

दुर्ग के खंडेलवाल कॉलोनी में हुई 50 लाख की बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 332 ग्राम सोना, 3.3 किलो चांदी और 9.76 लाख रुपये नगद सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
24 जून की रात अज्ञात चोरों ने महावीर कॉलोनी स्थित एक मकान का खिड़की तोड़कर नगदी व जेवरात की चोरी की थी। मामले में थाना कोतवाली दुर्ग में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से दो संदिग्धों की पहचान रंजीत डहरे और रोशन मारकंडे के रूप में हुई, जो खैरागढ़ में छिपे थे। पुलिस ने दबिश देकर इन्हें पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि आभूषणों और नगदी को अपने साथियों योगेश्वरी उर्फ जुगरी मारकंडे, रविशंकर बंजारे और आकाश सोनी को सौंपा था। चोरी का सामान पुलिस से छिपाने के लिए जमीन में गाड़ दिया गया था, जिसे डीएसएमडी तकनीक से बरामद किया गया।
बरामद कुल माल की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना दुर्ग और एसीसीयू की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्यवाही में जुटी है।




