नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 2 करोड़ की ब्राउन शुगर, गांजा व नशीली दवाइयां का किया गया नष्टीकरण

जांजगीर-चांपा – विश्व नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर, गांजा, नशीली टेबलेट और सिरप को सार्वजनिक रूप से PIL कोटाडबरी चांपा स्थित प्लांट (भट्ठी) में जलाकर नष्ट किया।
इस कार्रवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त कुल 45 प्रकरणों में शामिल मादक पदार्थों को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की उपस्थिति में नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 88.644 किलोग्राम गांजा, 5068 नग टेबलेट, 38 नग सिरफ और 880.63 ग्राम ब्राउन शुगर शामिल हैं।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, जिला आबकारी अधिकारी अलेखराम सिदार, पर्यावरण संरक्षण अधिकारी डॉ. राजाराम वैष्णव, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी, जिला अपराध शाखा के अधिकारीगण, तथा प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड चांपा के प्रबंधक व अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
इससे पूर्व 12 जून से 26 जून 2025 तक जिले में नशा मुक्ति पखवाड़ा भी मनाया गया, जिसमें जागरूकता कार्यक्रम, रैलियाँ और अन्य गतिविधियाँ आयोजित की गईं। पुलिस प्रशासन ने इसे नशे के खिलाफ एक सशक्त संदेश करार दिया।




