स्कूलों में फिर गूंजी घंटी: CM विष्णु देव साय ने बच्चों को दी नए सत्र की शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़ में आज से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। स्कूलों में एक बार फिर से बच्चों की चहक, नई किताबों की खुशबू और पढ़ाई का उत्साह लौट आया है। इसी मौके पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के बच्चों को विशेष संदेश देते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि—
“प्यारे बच्चों, नई किताबों के साथ नए सपनों की भी शुरुआत हो रही है। खूब मन लगाकर पढ़ो, सवाल पूछो, उत्तर खोजो और आगे बढ़ो। आपकी पढ़ाई और उज्ज्वल भविष्य हमारी प्राथमिकता है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य में अब कोई भी विद्यालय शिक्षक विहीन नहीं रहेगा और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की नई शिक्षा नीति के अनुरूप राज्य में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी नए सत्र की शुभकामनाएं दीं और कहा—“आप पढ़ाई पर ध्यान दें, बाकी की चिंता मुझ पर छोड़ दीजिए। पढ़िए, बढ़िए और छत्तीसगढ़ के गौरव बनिए।”
स्कूलों में बच्चों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं, और पूरे राज्य में शैक्षणिक वातावरण फिर से सजीव हो उठा है।




