बिलासपुर

अरपा चेक डैम में डूबने से दो युवकों की हुई मौत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के अरपा चेक डैम में शनिवार को नहाते समय डूबे दोनों युवकों की मौत की पुष्टि हो गई है। रविवार दोपहर एसडीआरएफ की टीम ने दूसरे लापता युवक का शव भी बरामद कर लिया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Advertisement

बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत अरपा चेक डैम में शनिवार शाम हुई दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। टिकरापारा निवासी दो युवक ऋषभ कश्यप और अभिजीत तिर्की चेक डैम में नहाने उतरे थे, जहां हादसे का शिकार हो गए। थाना उपनिरीक्षक कमल नारायण शर्मा के अनुसार, नहाते समय एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहराई में चला गया। दूसरा युवक उसे बचाने के प्रयास में खुद भी पानी की तेज लहरों में बह गया। घटना को वहां मौजूद एक मछुआरे ने देखा और तत्काल इसकी जानकारी स्थानीय लोगों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँची। रेस्क्यू ऑपरेशन शनिवार देर रात तक चला, जिसमें ऋषभ कश्यप का शव बरामद किया गया। लेकिन अभिजीत तिर्की का पता नहीं चल पाया। रविवार सुबह एक बार फिर तलाशी अभियान शुरू किया गया और दोपहर अभिजीत का शव भी डैम से बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। तोरवा थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों के परिवार में मातम पसरा है और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

Advertisement

 

Related Articles

Back to top button