बिलासपुर

पैरोल पर गए 70 बंदी जेल नहीं लौटे, हाईकोर्ट ने जताई सख्त नाराजगी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में पैरोल पर छोड़े गए कई बंदियों के जेल न लौटने का गंभीर मामला सामने आया है। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद जेल प्रशासन हरकत में आया है और एक रिपोर्ट कोर्ट में पेश की गई है।

Advertisement

कोरोना काल के दौरान संक्रमण से बचाव और जेलों में भीड़ कम करने के उद्देश्य से कई बंदियों को पैरोल पर रिहा किया गया था। लेकिन अब खुलासा हुआ है कि इन बंदियों में से 70 कैदी अब तक वापस जेल नहीं लौटे हैं। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में दाखिल शपथपत्र में जेल महानिदेशक ने बताया है कि प्रदेश की 5 केंद्रीय जेलों से पैरोल पर छोड़े गए कुल 83 बंदियों में से 10 को दोबारा गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 की मृत्यु हो चुकी है। शेष 70 कैदी अब तक फरार हैं। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इन फरार कैदियों में से कई हत्या जैसे संगीन मामलों में सजा काट रहे थे।

Advertisement

जेल प्रशासन ने बताया कि बिलासपुर सेंट्रल जेल से 22 और रायपुर सेंट्रल जेल से 7 बंदी फरार हैं। उनके परिजनों को कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन जब वे वापस नहीं लौटे तो संबंधित थानों में केस दर्ज कराया गया है। रायपुर जेल के वारंट अधिकारी ने सूचना के अधिकार के तहत सात ऐसे कैदियों की जानकारी दी है, जो पैरोल पर गए लेकिन वापस नहीं आए। इसी तरह प्रदेश की अन्य जेलों में भी ऐसे मामलों की संख्या लगातार सामने आ रही है। जेल प्रशासन अब इन बंदियों की तलाश में जुटा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। बता दें कि कोरोना के दौरान अच्छे व्यवहार वाले बंदियों को पैरोल और अंतरिम जमानत पर छोड़ा गया था। इनमें से कुछ ने कोर्ट से स्थायी जमानत भी ले ली, जिससे उनकी निगरानी और मुश्किल हो गई है। हाईकोर्ट ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर मानते हुए जेल प्रशासन से सख्त कार्रवाई और विस्तृत जानकारी मांगी है। अब देखना होगा कि फरार बंदियों को जल्द पकड़ने में प्रशासन कितना सफल हो पाता है।

 

Related Articles

Back to top button