कलेक्ट्रेट परिसर में स्कूटी की डिक्की से 1 लाख की उठाईगिरी करने वाला अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार….

रायपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ी एक दोपहिया वाहन की डिक्की से एक लाख रुपये की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय शातिर चोर को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संजय साहू (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलतः रीवा (मध्यप्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में निवास कर रहा था।
घटना 19 मई 2025 की है, जब फरियादी विनय कुमार रामटेके ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपने हीरो मैस्ट्रो स्कूटर की डिक्की में 1 लाख रुपये रखकर वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने पार्क किया था। जब वह ट्रेजरी ऑफिस से वापस लौटा, तो डिक्की से रुपये गायब मिले।
थाना सिविल लाइन व एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच में तेजी दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फुटेज में संदिग्ध गतिविधि नजर आने के बाद पुलिस ने संजय साहू को चिन्हित किया, जो पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पकड़े जाने पर आरोपी के पास से 4,800 रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदी गई करीब 15,000 रुपये कीमत की एक साइकिल बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 234/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक रोहित मालेकर, एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, अतुलेश राय, व अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।




