अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 5 स्टेशनों को मिला नया रूप, 22 मई को PM मोदी करेंगे उद्घाटन

(भूपेंद्र सिंह राठौर/राजा खान) : बिलासपुर – नरेंद्र मोदी 22 मई को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 103 रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 5 स्टेशन शामिल हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तहत भिलाई, उरकुरा, भानुप्रतापपुर, अंबिकापुर और डोंगरगढ़ स्टेशनों को आधुनिक रूप दिया गया है। इन स्टेशनों को यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएँ देने के लिए पूरी तरह से तैयार किया गया है। इनमे रायपुर का उरकुरा स्टेशन आकर्षण का केंद्र बना है। इसे श्रमिक और बस्तर आर्ट थीम पर विकसित किया गया है। स्टेशन पर दिव्यांगों के लिए रैंप, महिलाओं के लिए अलग वेटिंग एरिया, एस्केलेटर और कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि पूरे ज़ोन में 9 स्टेशनों का कायाकल्प किया गया है, जिनमें से 5 छत्तीसगढ़ में हैं।जीएम ने कहा हमारा उद्देश्य है यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ देना। सर्कुलेटिंग एरिया, टॉयलेट्स, वेटिंग हॉल, टिकट विंडो, डिजिटल इंफॉर्मेशन डिस्प्ले – सभी को अपग्रेड किया गया है।
अंबिकापुर स्टेशन पर होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। यह पहल न सिर्फ सुविधाओं को बढ़ा रही है, बल्कि पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी प्रोत्साहित करेगी।छत्तीसगढ़ के रेलवे स्टेशनों पर एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है डिजिटल, स्मार्ट और यात्रियों की सुविधा के लिए पूरी तरह समर्पित।




