पीपरतराई धान खरीदी केंद्र में अनियमितताएं उजागर, कमिश्नर के निर्देश पर जांच शुरू

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के कोटा विकासखण्ड के पीपरतराई धान खरीदी केन्द्र में अनियमितताओं को लेकर संभागीय कमिश्नर सुनील जैन ने जांच के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान औसत गुणवत्ता से कम दर्जे का धान खरीदे जाने का मामला सामने आया है।
संभागीय कमिश्नर सुनील जैन और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पीपरतराई धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान धान की गुणवत्ता, स्टेकिंग व्यवस्था और किसानों की सुविधाओं में गंभीर खामियां पाई गईं। केन्द्र में धान की सही तरीके से स्टेकिंग नहीं की गई थी और किसानों के लिए बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव देखा गया।
कमिश्नर ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर करते हुए खाद्य विभाग को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से भी बातचीत कर अच्छी तरह से सुखाकर और साफ धान लाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी, उपायुक्त विकास एचएस चौहान, एसडीएम नितिन तिवारी और तहसीलदार श्री राठौर भी मौजूद रहे। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




