कार की छत पर स्टंट और धूम्रपान करते युवक का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कार की छत पर बैठकर स्टंट करता और धूम्रपान करता नजर आ रहा है। घटना सत्यम चौक से लेकर अग्रसेन चौक के बीच की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में युवक बेखौफ अंदाज में न सिर्फ स्टंट कर रहा है, बल्कि पुलिस प्रशासन को भी खुली चुनौती देता दिखाई दे रहा है।
वीडियो में कार की नंबर प्लेट भी साफ नजर आ रही है, जिसका नंबर है CG10 BQ 0007। युवक की इस हरकत ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो सामने आने के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है।
पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर आरोपी युवक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। टीआई सिविल लाइन, एसआर साहू ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।




