राष्ट्रीय मांग दिवस पर कुलियों ने सौंपा ज्ञापन, सरकारी नौकरी और निजीकरण पर रोक की मांग…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – शुक्रवार को राष्ट्रीय कुली मोर्चा के बैनर तले, राष्ट्रीय मांग दिवस के अवसर पर कुलियों ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन में मुख्य स्टेशन प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में कुलियों ने रेलवे में अपने भविष्य को लेकर कई अहम मांगें उठाईं।
प्रमुख मांगों में प्राइवेट कुलियों की नियुक्ति और “कुली मय ऐप” जैसी व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही, कुलियों को रेलवे में सरकारी नौकरी देने की पुरजोर अपील की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बैटरी रिक्शा को केवल विकलांग, बीमार और वृद्ध यात्रियों के लिए सीमित किया जाए, और इस पर साफ तौर पर बोर्ड लगाया जाए कि इससे सामान नहीं ढोया जा सकता।
कुलियों ने यह भी मांग की कि रेलवे उन्हें सामूहिक दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी दे।
प्रयागराज में “कार्गो मूवर्स” नामक निजी कंपनी को सामान ढोने का टेंडर दिए जाने का भी विरोध ज्ञापन में दर्ज है। कुलियों ने कहा कि जब स्टेशन पर मौजूद कुली काम के लिए तैयार हैं, तो यह निजीकरण भेदभावपूर्ण है। इस विरोध के चलते कुलियों पर जो मुकदमे दर्ज हुए हैं, उन्हें वापस लेने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में 2008-09 के रेलवे बजट में घोषित नीति का हवाला देते हुए कहा गया कि उस समय कुलियों का समायोजन किया गया था, अब फिर वैसी ही नीति बनाकर उन्हें सरकारी नौकरी दी जाए — ताकि वे और उनका परिवार सम्मानजनक जीवन जी सके।
कुलियों का कहना है कि वे रेलवे के विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन अगर इस विकास में उनका रोजगार छिन रहा है, तो यह उनके लिए विनाश बनकर आ रहा है। उन्होंने मांग की है कि विकास में उन्हें भी बराबरी से शामिल किया जाए।




