ऑपरेशन शंखनाद: पुलिस ने 2 गौवंशों को कराया मुक्त, तस्कर गिरफ्तार….

जशपुर – ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। चौकी आरा पुलिस ने 2 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
घटना 15 अप्रैल की है, जब आरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति दो गौवंशों को मारते-पीटते हुए ग्राम झिलमिली की ओर ले जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अल्ताफ खान, पिता लालू खान, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर बताया। आरोपी के पास से गौवंशों से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु क्रूरता परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जशपुर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। अब तक इस अभियान में 700 से अधिक गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया जा चुका है। एसपी श्री सिंह ने बताया कि तस्कर अब पैदल रास्तों का सहारा ले रहे हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस का खुफिया तंत्र और अधिक सक्रिय किया गया है।




