अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, बड़े भाई ने ही की थी छोटे भाई की हत्या….

जशपुर जिले में पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पहले यह मामला हार्ट अटैक से मौत का बताया गया था, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। मृतक का बड़ा भाई ही उसका कातिल निकला।
जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र में रहने वाले नोबेल टोप्पो ने खुद ही पुलिस को सूचना दी थी कि उसका छोटा भाई ओसवाल टोप्पो की मौत अत्यधिक शराब पीने और हार्ट अटैक के कारण हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया, लेकिन रिपोर्ट में मौत का कारण कुछ और ही निकला।
डॉक्टरों ने रिपोर्ट में बताया कि ओसवाल टोप्पो की मौत शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई थी। यह जानकर पुलिस ने हत्या का संदेह जताया और मामले की गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला कि मृतक ओसवाल शराब के नशे में अक्सर अपने परिवारवालों से झगड़ा करता था। घटना की रात भी उसका अपने बड़े भाई नोबेल टोप्पो से विवाद हुआ था। पुलिस ने जब नोबेल से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
नोबेल टोप्पो ने स्वीकार किया कि घटना की रात उसने अपने सोते हुए छोटे भाई पर बांस के डंडे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिर खुद को बचाने के लिए उसने झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांस के डंडे को जब्त कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




