छत्तीसगढ़

कवर्धा कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज़ खबर सामने आई है। जिले के कलेक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

Advertisement

बताया जा रहा है कि यह धमकी कवर्धा कलेक्टर के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर भेजी गई है। मेल में साफ तौर पर लिखा गया है कि आज दोपहर 2:30 बजे तक कलेक्ट्रेट को बम से उड़ा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, मेल में यह भी उल्लेख किया गया है कि कलेक्ट्रेट परिसर में IED यानी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस पहले से लगाई जा चुकी है।

Advertisement

धमकी भरे मेल की सूचना मिलते ही प्रशासन ने कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। मौके पर तुरंत पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही बम निरोधक दस्ते यानी BDS की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। BDS टीम कलेक्ट्रेट परिसर के कोने-कोने की गहन तलाशी ले रही है। किसी भी संदिग्ध वस्तु की पहचान के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है।

पूरा कलेक्ट्रेट परिसर सील कर दिया गया है और आम नागरिकों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। अफसरों का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की जा रही है और सभी पहलुओं को गंभीरता से लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल ये धमकी वास्तविक है या किसी शरारती तत्व की साजिश, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Related Articles

Back to top button