फैंसी स्टोर में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक

(आशीष मौर्य संपादक/जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – तेलीपारा इलाके में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। नंदू गैरेज के पास स्थित एक फैंसी स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई और देखते ही देखते दुकान का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के समय दुकान खुली थी और लोग आसपास मौजूद थे। अचानक धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा लाखों रुपए का फैंसी सामान जल चुका था।
अभी तक आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती अंदाजों में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों में भी दहशत फैल गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।




