बोलेरो ने बस को टक्कर मारी, 5 लोगों की हुई मौत

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. यह दुर्घटना शेगांव-खामगांव राजमार्ग पर सुबह करीब 5 बजे हुई, जिसमें दो यात्री बसों और एक बोलेरो जीप की आपसी टक्कर में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 24 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार बोलेरो जीप ने पहले एक यात्री बस को टक्कर मारी. इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही एक निजी यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई, जिससे हादसा और भयावह हो गया. घटना के बाद राजमार्ग पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं. घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत की निगरानी की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किए और दुर्घटना स्थल को साफ कराकर यातायात बहाल करने की कोशिश की. पुलिस तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण मान रही है. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके.




