मुख्य सचिव एवं डीजीपी ने बिलासपुर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के तैयारियों का लिया जायजा

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिलासपुर के मोहभठ्ठा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस संबंध में प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन एवं डीजीपी अरूण देव गौतम ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संपूर्ण तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी सभी महत्वूपर्ण व्यवस्थाओं, मुख्य मंच, हेलीपेैड, ग्रीन रूम, सांस्कृतिक मंच एवं हितग्राहियों की बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को पावर बैकअप की व्यवस्था करने तथा ई एण्ड एम विभाग को साउंड एवं कनेक्शन की व्यवस्था को पहले से ही चेक करने के निर्देश दिए ताकि मुख्य कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की समस्या न आए।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी को मंच एवं बैरिकेट्स की व्यवस्था का भी मानक के अनुसार परीक्षण करने एवं सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस महानिदेशक श्री अरूण देव गौतम ने सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैठक व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सुरक्षा मे लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं तत्परता से कार्य करने के लिए निर्देशित किया।




