बिलासपुर

रेलवे की बड़ी कार्रवाई, एमएफसी बिल्डिंग खाली कराने का नोटिस जारी.

(भूपेंद्र सिंह राठौर/राजा खान) : बिलासपुर – रेलवे प्रशासन ने एम एफ सी बिल्डिंग को खाली कराने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह बिल्डिंग रेलवे प्रशासन की संपत्ति है और अवैध कब्जाधारियों को इसे तुरंत खाली करना होगा। इस मामले में कोर्ट का भी फैसला आ चुका है, जिसमें रेलवे के दावे को सही ठहराया गया है। अब रेलवे ने सात दिनों के भीतर बिल्डिंग खाली करने का नोटिस जारी किया है।

Advertisement

बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित यह एम एफ सी बिल्डिंग विवादों में रही है। रेलवे प्रशासन और कुछ व्यक्तियों के बीच इसके स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा था। लेकिन हाल ही में जिला न्यायालय ने रेलवे प्रशासन के पक्ष में अपना फैसला सुनाया, जिससे स्पष्ट हो गया कि यह भवन रेलवे की संपत्ति है और इस पर अवैध कब्जा किया गया था। रेलवे प्रशासन ने आदेश के अनुपालन में तुरंत कदम उठाते हुए वरिष्ठ मंडल अभियंता के माध्यम से बिल्डिंग खाली करने का नोटिस जारी किया। नोटिस में साफ तौर पर कहा गया है कि सभी कब्जाधारियों को 22 मार्च से सात दिनों के भीतर यह बिल्डिंग खाली करनी होगी। यदि ऐसा नहीं किया गया, तो रेलवे प्रशासन कानूनी प्रक्रिया के तहत इसे खाली कराएगा। वरिष्ठ मंडल अभियंता के अनुसार यह भवन पूरी तरह से रेलवे प्रशासन की संपत्ति है। न्यायालय के आदेश के बाद अब इस पर अवैध कब्जा बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं है।

Advertisement

विधिवत नोटिस चस्पा कर दिया है और यदि सात दिनों में बिल्डिंग खाली नहीं की जाती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, रेलवे प्रशासन इस बिल्डिंग को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तोड़ने की योजना बना रहा है, ताकि स्टेशन के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसी योजना के तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर भी कई विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इसके लिए रेलवे को एम एफ सी बिल्डिंग को खाली कराकर इसे ढहाने की जरूरत है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या कब्जाधारी स्वेच्छा से इस बिल्डिंग को खाली करेंगे या फिर रेलवे प्रशासन को मजबूरन कड़ी कार्रवाई करनी पड़ेगी।

 

Related Articles

Back to top button