जशपुर

ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने नाबालिग को किया सुरक्षित रेस्क्यू…..

जशपुर पुलिस ने एक बार फिर ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना दुलदुला क्षेत्र से लापता 14 वर्षीय नाबालिग को पुलिस ने चंद दिनों में बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते हैं पूरी रिपोर्ट।

Advertisement

जशपुर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों की तलाश लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना दुलदुला क्षेत्र से 19 मार्च को लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग को पुलिस ने बरामद कर लिया है।

Advertisement

नाबालिग के परिजनों ने 22 मार्च को थाना दुलदुला में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, नाबालिग घर से अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दुलदुला पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2), 87, 64(1), 65(1) एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सक्रिय मुखबिर तंत्र और टेक्निकल टीम की मदद से नाबालिग को जशपुर क्षेत्र से बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने आरोपी मनदीप राम (उम्र 20 वर्ष, निवासी जरडा, थाना गुमला, झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ भगाया और जशपुर में एक मकान में रखा, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है।

इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, महिला प्र. आर. 316 हेमलता बुनकर, आरक्षक अलेक्सियुस तिग्गा और आरक्षक आनंद लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button